गोंडा। वजीफे के लिए खाता खुलवाने गई युवती को नौकरी दिलाने और शादी करने का बैंक कर्मचारी ने झांसा दिया। इसके बाद बात न करने पर युवती पर तेजाब फेंकने की भी धमकी दी। युवती ने सोमवार को आरोपी कर्मचारी और उसके मामा के खिलाफ कोतवाली करनैलगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती के अनुसार वह एक कॉलेज में पढ़ाई करने के साथ ही कंप्यूटर कोर्स कर रही थी। डेढ़ साल पहले वजीफे के लिए खाता खुलवाने वह स्टेशन रोड स्थित एक प्राइवेट बैंक में गई थी। युवती के मुताबिक बैंक में उसकी मुलाकात कर्मचारी अल्ताफ अंसारी निवासी कटरा बाजार से हुई। उस दौरान अल्ताफ ने युवती को अपना नाम राहुल बताया था। अल्ताफ ने युवती से बताया कि खाता खोलने वाले फॉर्म खत्म हो गए हैं। उसने युवती का मोबाइल नंबर लेकर फॉर्म आने पर सूचना देने की बात कही। बाद में अल्ताफ राहुल के नाम से युवती को कॉल करने लगा। युवती ने बताया कि बाद में उसने अपना खाता दूसरे बैंक में खुलवा लिया। इस बीच अल्ताफ उसे खाता खुलवाने और बैंक में नौकरी दिलाने के साथ ही शादी करने का झांसा देने लगा। आरोप है कि युवती ने जब फोन उठाना बंद कर दिया तो अल्ताफ अलग-अलग नंबरों से अश्लील एसएमएस भेजने के साथ ही धमकी देने लगा। बाद में अल्ताफ ने मामा कमर अहमद निवासी करनैलगंज और कई साथियों को भेजकर उस पर तेजाब फेंक देने की धमकी भी दी। युवती ने सोमवार को कोतवाली करनैलगंज में अल्ताफ और कमर अहमद के खिलाफ छेड़खानी, धमकी व आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ करनैलगंज अखंड प्रताप ने बताया कि जांच की जा रही है।