गोंडा। मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की आराधना करने का पर्व धनतेरस आज है। बाजार सज धज कर तैयार हैं तो ग्राहक भी कुछ नया लेने का प्लान बनाए हुए हैं। सराफा, बर्तन, कपड़ा और वाहन बाजार चमक रहा है। पिछली साल की अपेक्षा सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट से सराफा बाजार में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। कुछ लोगों ने तो पहले से ही बुकिंग करा रखी है। गाड़ियों की भी बुकिंग करा चुके लोग आज उसे शो-रूम से अपने घर ले जाएंगे।
नगर के एक सराफा प्रतिष्ठान में सोमवार को चांदी के सिक्के व लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा खरीदने को लेकर उत्साह दिखा। लोग इस साल कीमतों में पिछले साल की तुलना में गिरावट आने से सराफा बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है। खरीदारी के लिए अपने परिवार के साथ आ रहे हैं। चांदी का सिक्का लेने आए नगर के मोहल्ला मालवीय नगर निवासी संतोष ने बताया कि कीमत कम होने से सोचा की चांदी का सिक्का ले लिया जाए। दीवाली में चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है।
सोने चांदी के सिक्कों के मूल्य में आई गिरावट
गोंडा। पिछले साल की तुलना में सोने व चांदी के भाव में गिरावट आई है। सराफा बाजार में पिछले साल की तुलना में इस साल चांदी का सिक्का 100 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है। जबकि सोने के सिक्के में 3,500 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट है। कीमतों में गिरावट से सोने चांदी के आभूषणों के साथ सिक्कों की खरीदारी बढ़ी है। इस साल बाजार में चांदी का 05 से 100 ग्राम तक तथा सोने का 01 से 10 ग्राम तक सिक्का उपलब्ध है।
नये पुराने सिक्के की ऐसे करे पहचान
पुराना सिक्के का बाहरी हिस्सा हाथ पर रगड़ने से पता नही चलेगा जबकि नया सिक्के के बाहरी हिस्से को हाथ पर रगड़ने से उभरा महसूस होता है।
गिफ्ट में अब चांदी का नोट भी
गोंडा। अब चांदी के नोट देने का चलन शुरू हुआ है। सराफा बाजार में पहली बार चांदी के नोट की डिमांड बढ़ी है। बाजार में चांदी के 500 व 1000 रुपये के नोट उपलब्ध हैं। इस नोट की कीमत क्रमश: 250 व 300 रुपये तक है। लोग अपने लोगों को किसी भी तरह का मंहगा गिफ्ट देने के साथ साथ नगदी के रूप में कुछ अलग खास देना पसंद कर रहे हैं। गिफ्ट आइटम के साथ देने के लिए कुछ शौकीन लोग 500 व 1000 रुपये के चांदी के नोट को भी खरीद रहे हैं।
गणेश और लक्ष्मी की चांदी की प्रतिमाएं
गोंडा। दीवाली में घर की सफाई नये नये फर्नीचर व आधुनिक उपकरणों की साजसज्जा बर्तन गहने की खरीदारी की बात हो वहां पूजा के लिए गणेश और लक्ष्मी की प्रतिमा के बगैर खरीददारी ही अधूरी रहती है। धन की देवी लक्ष्मी शुभ के लिए गणेश भगवान की पूजा की जाती है। लक्ष्मी देवी व गणेश भगवान मूर्ति भी अब बाजार में चांदी की उपलब्ध है। इस साल सराफा बाजार में कई ब्रांडेड ज्वैलरी बनाने वाली कंपनियों ने ग्राहकों को आक र्षित करने के लिए चांदी की प्रतिमा उतारी है। चांदी की मूर्तियां वजन के हिसाब से अलग-अलग रेंज में हैं। बाजार में गणेश व लक्ष्मी की मूर्ति 500 से 1500 रु पये तक उपलब्ध हैं।
क्या कहते हैं जानकार
गोंडा। दीवाली में बाजार में शुद्ध सोने चांदी के सिक्कों के साथ मिलावटी सिक्के भी आ गए हैं। इन सिक्कों को देखने से आसानी से असली व मिलावटी का भेद कर पाना आसान नही है। शहर के प्रतिष्ठित सराफा कारोबारी राजीव रस्तोगी बताते हैं कि ग्राहक आसानी से देख कर सही गलत में भेद नही कर पाता। ऐसे में ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वह ब्रांडेड व भरोसे की दुकान पर ही सिक्कों आदि की खरीदारी करें। कई कंपनियां स्कीम का लालच दे रही हैं लेकिन सिक्के में खोट की गारंटी नही है।