बालपुर/कटरा बाजार (गोंडा)। हलधरमऊ और कटरा बाजार ब्लॉक क्षेत्र में बिना मान्यता के चल रहे 113 विद्यालयों को बुधवार को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही इन स्कूलों को बंद कराने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारी ने दिए हैं। चेतावनी दी गई है यदि निर्धारित तिथि तक विद्यालय बंद नहीं हुआ तो जुर्माना वसूल कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी हलधरमऊ शत्रुघन सरोज ने बताया कि लगातार किए गए निरीक्षण के दौरान ब्लॉक क्षेत्र में 46 स्कूल ऐसे मिले, जो बिना मान्यता के चल रहे थे। इनमें कई ऐसे स्कूल हैं, जिनकी मान्यता कक्षा पांच तक की है, लेकिन वहां पढ़ाई कक्षा आठ तक की हो रही है। कई स्कूलों के संचालकों द्वारा अभी तक मान्यता के लिए आवेदन ही नहीं किया गया है। इन 46 स्कूलों के संचालकों को बुधवार को नोटिस जारी किया गया है। सभी से एक सप्ताह में जवाब तलब किया गया है। साथ ही इन्हें बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, कटराबाजार के खंड शिक्षाधिकारी राधेश्याम वर्मा ने बताया कि उन्हें निरीक्षण के दौरान 67 विद्यालय बिना मान्यता के चलते मिले। इनके प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को भी नोटिस जारी किया गया है। साथ ही एक सप्ताह के अंदर विद्यालय बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय बंद न करने पर जुर्माना लगाया जाएगा और विधिक कार्रवाई की जाएगी। खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि बगैर मान्यता के संचालित विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों का नामांकन पास के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कराया जाएगा।