खोरहंसा/गोंडा। खोरहंसा बाजार के समीप शनिवार रात बहराइच से फैजाबाद जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर चाय की दुकान में घुस गई। दुकान के बाहर सो रहे पिता-पुत्र और एक युवक जख्मी हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय बेटे ने दम तोड़ दिया। भाग रहे चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चालक को कोतवाली ले जाने से गुस्साए लोगों ने सिपाही से हाथापाई भी की। चौकी प्रभारी के अनुसार लोग चालक को पीटना चाह रहे थे। सिपाही उसे पकड़ लाया इसलिए लोगों ने हाथापाई की।
कोतवाली देहात क्षेत्र के खोरहंसा बाजार निवासी नानबाबू (45) बेटे इश्तियाक (14) संग शनिवार देर रात अपनी चाय की दुकान के बाहर सो रहे थे। पड़ोस के कनछेद (40) भी अपनी दुकान के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान बहराइच से फैजाबाद के जुबेरगंज बाजार जा रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गई। इससे इश्तियाक, नानबाबू और कनछेद गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय इश्तियाक ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद भाग रहे पिकअप चालक अनवर निवासी नासिरगंज सोनवा श्रावस्ती को सिपाही राममिलन यादव ने पकड़ लिया और उसे कोतवाली ले जा रहा था। इससे गुस्साए लोगों ने सिपाही से हाथापाई भी की। चौकी प्रभारी खोरहसा दिग्विजय शाही ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चौकी प्रभारी ने बताया कि लोग चालक को पीटना चाह रहे थे। सिपाही उसे पकड़ लाया इसलिए लोगों ने सिपाही से हाथापाई की।