बलरामपुर (ब्यूरो)। फर्जी प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी करने वाले शिक्षक को बीएसए ने बर्खास्त कर दिया है। चार सदस्यीय टीम की जांच में खुलासा होने पर बीएसए ने कार्रवाई की है।
बीएसए राकेश सिंह ने गुरुवार को बताया कि शिक्षा क्षेत्र गैसड़ी के प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर में जितेंद्र मौर्या ने फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर शिक्षक की नौकरी पा ली। शिकायत मिलने पर बीएसए ने जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता निरंकार पांडेय, बीईओ गैसड़ी जितेन्द्र बहादुर चौधरी, बीईओ रेहरा बाजार रणजीत कुमार तथा बीईओ उतरौला उदयशंकर चौधरी की चार सदस्यीय टीम से जांच कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि जनपद देवरिया निवासी जितेंद्र मौर्या ने अंबेडकर नगर के निवासी जितेंद्र के नाम का फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी हथिया ली। जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने गुरुवार को बेसिक शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों तथा जिलाधिकारी को सूचित किया। विभागीय उच्चाधिकारियों तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर बीएसए ने जितेंद्र मौर्या को बर्खास्त कर दिया है।