गोंडा। दुकान बंद कर घर लौट रहे सराफा व्यापारी से बदमाशों ने पुलिस चौकी से चंद कदम दूर एक लाख के जेवर लूट लिए और भाग निकले। व्यापारी ने कोतवाली देहात में दो बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के खोरहसा बाजार निवासी सराफा व्यापारी दिनेश सोनी की जमुनियाबाग में दुकान है। दिनेश ने बताया कि मंगलवार देर शाम वह दुकान बंद करने के बाद एक बैग में जेवर लेकर साइकिल से घर लौटे रहे थे। पुलिस चौकी खोरहसा से दो सौ मीटर दूर सामने से आ रहे एक ठेलिया चालक को बचाने के चक्कर में उनकी साइकिल सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। इस बीच दो बदमाश आ पहुंचे और दोनों ने दिनेश को धमकाकर बैग छीन लिया। दोनों बदमाश भाग निकले। दिनेश के मुताबिक बैग में एक लाख रुपये के जेवर थे। दिनेश ने कोतवाली देहात में दो बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। देर रात पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह यादव चौकी खोरहसा पहुंचे और मामले की जानकारी ली। कोतवाली देहात के इंस्पेक्टर दिवाकर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।