गोंडा। बस स्टेशन चौराहे पर बिजली के खंभों की शिफ्टिंग के लिए रविवार को पूरे दिन झंझरी इलाके की बिजली कटी रही। इससे शहर की सवा लाख आबादी को दिक्कत हुई। अवर अभियंता एतबार अहमद सिद्दीकी ने बताया कि बस अड्डा चौराहे पर खंभों की शिफ्टिंग रोड से हटकर की जानी है। इसके लिए रविवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक के लिए शटडाउन लिया गया था।
बस अड्डा चौराहे पर लगे आड़े-तिरछे खंभों को हटाए जाने की मांग काफी समय से लोग कर रहे थे। खंभों को हटाकर रोड के एक साइड में शिफ्ट किए जाने का प्रस्ताव पावर कॉर्पोरेशन ने पास किया था। रविवार को इसकी शिफ्टिंग का काम होने से झंझरी बिजलीघर का शटडाउन ले लिया गया। इससे बड़गांव एक, दो, महराजगंज, आईटीआई व एक अन्य फीडर से जुड़ी सवा लाख आबादी को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। अवर अभियंता ने बताया कि शाम पांच बजे तक काम नहीं हो पाया। इस वजह से शाम छह बजे बिजली बहाल हुई।