गोंडा। जेल में बंद हलधरमऊ ब्लॉक की ग्राम पंचायत रामगढ़ के ग्राम प्रधान को डीएम ने निलंबित कर दिया है। ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के संचालन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।
बता दें कि 15 नवंबर को रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट के एक मामले में हलधरमऊ ब्लॉक के ग्राम प्रधान बकरीदी को जेल भेजा गया था। इससे ग्राम पंचायत में विकास कार्य प्रभावित हो गए। मामले की रिपोर्ट जिला पंचायत राज अधिकारी ने डीएम को भेजी थी। डीएम डॉ. रोशन जैकब ने ग्राम प्रधान को निलंबित करते हुए गांव में विकास कार्यों के संचालन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। डीएम ने कमेटी के सदस्यों को प्रधान पद के दायित्वों का निर्वहन करते हुए शासन के निर्देशानुसार विकास कार्य कराने का निर्देश दिया है। डीपीआरओ राजपाल सिंह ने शुक्रवार को डीएम के आदेश का अनुपालन कराने के लिए खंड विकास अधिकारी हलधरमऊ को पत्र भेजा है। एडीओ पंचायत हलधरमऊ अशोक कुमार श्रीवास्तव ने ग्राम प्रधान बकरीदी के निलंबन की पुष्टि की है।