गोंडा। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि धन लेने के बावजूद जिन ठेकेदारों ने सड़कों की मरम्मत नहीं कराई है, उन्हें जेल भेजा जाएगा। साथ ही संबंधित अधिशासी अभियंताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लापरवाह ठेकेदारों पर अधिशासी अभियंता अपने स्तर से कार्रवाई करें अन्यथा स्वयं कार्रवाई को तैयार रहें। डीएम ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड, निर्माण खंड एक व दो, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के पीआइयू प्रथम व द्वितीय एवं सड़कों के निर्माण में लगी अन्य एजेंसियाें से वर्ष 2011-12, 2012-13 एवं 2013-14 में स्वीकृत कार्य लागत, कितना कार्य पूरा हुआ सहित पूरा ब्योरा तलब किया है। उन्होंने आपदा राहत निधि के तहत विभिन्न विभागों को सड़कों की मरम्मत के लिए दी गई धनराशि व निर्माण की समीक्षा की। इस मौके पर एडीएम एके सिंह, सीआरओ यूएस उपाध्याय, संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार आदि मौजूद रहे।