गोंडा। वर्ष 2012-13 में चयनित समग्र ग्राम घरकुइयां में धन होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग खंड दो ने सड़क निर्माण नहीं कराया। इस पर बुधवार को डीएम डॉ. रोशन जैकब ने अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। संबंधित ठेकेदार को काली सूची में डालने के साथ एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि अधिशासी अभियंता लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएं नहीं तो अब अधिशासी अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम डॉ. रोशन जैकब ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वर्ष 2012-13 तथा वर्ष 2013-14 में चयनित समग्र गांव के विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लापरवाह ठेकेदारों को काली सूची में डाले जाने का निर्देश दिया है। धन होने के बावजूद सड़क निर्माण न होने पर अधिशासी अभियंता एके अग्रवाल को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। निर्देश दिए कि अधिशासी अभियंता लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएं नहीं तो अब अधिशासी अभियंताओं पर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने अब तक संतृप्त किए गए समग्र गांवों का विवरण लोनिवि के सभी खंडों के अधिशासी अभियंताओं से तलब किया। वाटर शेड प्रोग्राम की धीमी प्रगति पर अधिशासी अभियंता जलनिगम राजेन्द्र सिंह को फटकार लगाई। तीन आंगनबाड़ी सेंटरों के निर्माण के लिए जमीन होने के बावजूद निर्माण न होने पर समाज कल्याण निर्माण निगम के अभियंता एसके अग्रवाल से जवाब तलब किया है।