गोंडा। दहेज में कार व सोने की चेन न मिलने पर विवाहिता को जिंदा जलाकर मार डालने के मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ थाना इटियाथोक में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना धानेपुर क्षेत्र के विशम्भरपुर गांव की उर्मिला देवी ने थाना इटियाथोक में रविवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उन्होंने अपनी बेटी अल्पना (20) का विवाह इटियाथोक थाना क्षेत्र के बेलवा गांव के मजरे शुक्ल पुरवा निवासी विनोद कुमार शुक्ल से किया था। आरोप है कि कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दहेज में कार व सोने की चेन की मांग करने लगे। इसको लेकर अल्पना को प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने 11 अक्तूबर की शाम अल्पना को मिट्टी का तेल डालकर जला दिया। इससे उसकी मौत हो गई। उर्मिला ने पति विनोद कुमार शुक्ल, ससुर नाथूराम शुक्ल, ननद मधुबाला, देवर बबलू व सास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ वीरेंद्र प्रताप यादव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।