गोंडा। जिले के दो हजार किसानोें के लिए अच्छी खबर है। अब उनकी बंजर भूमि पर फसल लहलहाएगी। शासन ने भूमि सुधार के लिए भूमि सेना योजना के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में 8000 बीघा भूमि का लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रथम किश्त के रूप में 39 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी है। भूमि संरक्षण विभाग ने चयनित 10 स्थलों की समितियां गठित करके धनराशि हस्तांतरित कर दी है।
जिले में ऊसर/बंजर भूमि का सुधार कर उपजाऊ बनाने की कवायद तेज हो गई है। विभाग ने कार्य शुरू कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। भूमि संरक्षण अधिकारी घनश्याम वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि जिलेे को वित्तीय वर्ष 2013-14 में भूमि सेना योजना के तहत भूमि सुधार/ विकास के लिए 8000 बीघे भूमि का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिस पर 101 लाख रुपये खर्च करने की कार्य योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत जिले के तरबगंज, बेलसर, वजीरगंज, परसपुर, करनैलगंज, छपिया व मनकापुर ब्लॉक की 10 परियोजनाएं चयनित की गई हैं।
भूमि संरक्षण अधिकारी के मुताबिक तहसील मनकापुर, तरबगंज व करनैलगंज में भूमि सुधार का कार्य कराया जाएगा। कृषि निदेशालय से 39 लाख रुपये प्राप्त हो चुके हैं। गठित समितियों के खाते में 39 लाख रुपये की धनराशि हस्तांतरित करने के साथ ही कार्य प्रभारियों को तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इनसेट
बीएसए को दिए निर्देश
भूमि सेना योजना के अंतर्गत चयनित गांवों में भूमि सुधार का कार्य शुरू कराने के लिए भूमि संरक्षण अधिकारी कृषि को निर्देश दिए गए हैं। भूमि सुधार होने से किसानों के खेतों में भी हरियाली आएगी।
-एमएल पांडेय, सीडीओ