रुपईडीह/गोंडा। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मिड-डे मील देने के तमाम दावों के बाद भी शिक्षा क्षेत्र पड़रीकृपाल के पूर्व माध्यमिक विद्यालय चिलबिला डिहवा में राशन व बर्तन न होने के कारण पहली जुलाई से अब तक खाना नहीं बना है। इससे यहां के 161 बच्चों को भूखे पेट स्कूल से वापस होना पड़ रहा है। शुक्रवार को मिड-डे मील न बनने से आक्रोशित छात्रों ने विद्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
शिक्षा क्षेत्र पड़रीकृपाल के पूर्व माध्यमिक विद्यालय चिलबिला डिहवा मेें कुल 161 बच्चे पंजीकृत हैं। यहां पहली जुलाई से अभी तक एक भी दिन मिड-डे मील नहीं बना है। इससे यहां पर पढ़ रहे बच्चों को हर रोज भूखे पेट वापस होना पड़ रहा है। यहां पर अध्ययनरत रोहित, संगीता, शांती, मनीषा, विमला, शिवानी, विकास, धर्मराज, जयलाल, सिराजुलनिशा, हुस्नबानो, पेशकार आदि अन्य बच्चों का कहना है कि अभी स्कूल में मिड-डे मील नहीं बन रहा है। ग्राम प्रधान जगदम्बा प्रसाद मौर्य तथा प्रधानाध्यापक राम सिंगार शुक्ला ने संयुक्त रूप से बताया कि नवीन सत्र का विद्यालय है, विद्यालय में न तो बर्तन आया है, न ही राशन मिल पाया है। जिसके कारण योजना का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। खंड शिक्षा अधिकारी पड़रीकृपाल यज्ञ नरायन वर्मा का कहना है कि नवीन स्कूल होने के कारण संसाधनों की कमी से समस्या पैदा हो रही है।