मुजेहना (गोंडा)। आनंद नगर तिराहे पर बुधवार को भवन निर्माण के दौरान करंट लगने से एक राजगीर की मौत हो गई, जबकि मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। दरअसल, मजदूर सरिया राजगीर को दे रहा था, जो कि ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन से छू गई। मजदूर को एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। उधर, पावर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता का कहना है कि भवन निर्माण एचटी लाइन के ठीक नीचे कराया जा रहा था, जो कि नियम के विरुद्ध है। उनका कहना है कि इसी कारण यह हादसा हुआ।
थानाक्षेत्र धानेपुर के उजारीडीहा गांव निवासी रोशनलाल की आनंद नगर तिराहे पर जमीन है। वह बुधवार को उस पर गांव के ही मिस्त्री (राजगीर) रामदयाल (35) और मजदूर साऊ (45) से भवन निर्माण करवा रहे थे। बताते हैं कि इस दौरान साऊ सरिया उठाकर रामदयाल को दे रहा था, जो कि ऊपर से होकर गुजरी 11 हजार केवी (एचटी) लाइन से छू गई। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में रामदयाल ने दम तोड़ दिया, जबकि साऊ को गंभीर हालत में मुख्यालय स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पावर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता प्रगति अजय का कहना है कि भवन निर्माण एचटी लाइन के ठीक नीचे कराया जा रहा था, जो कि नहीं होना चाहिए। उनका कहना है कि मामले में थाने पर तहरीर देंगे।