गोंडा। पुलिस की वर्दी में चार बदमाश मुराइन पुरवा के एक घर में घुस गए और एक अधेड़ को लोहे की रॉड से जमकर पीटा। शोर सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचते इससे पहले ही बदमाश फरार हो गए। गांव वालों ने घायल को बहराइच जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। बदमाशों ने यहां कोई लूटपाट नहीं की है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र अंतर्गत नारायनपुर गांव के मजरे मुराइन पुरवा निवासी जलील अहमद (45) का बेटा लियाकत अली दिल्ली में नौकरी करता है। जलील शुक्रवार रात पत्नी खैरुल के साथ घर के बरामदे में सो रहा था। खैरुल ने बताया कि देर रात घर के पीछे की आंगन की दीवार फांदकर बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने उसके पति को लोहे की रॉड से जमकर पीटा। खैरुल के मुताबिक बदमाशों ने शोर मचाने पर उसे भी मारने की धमकी दी। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचते इससे पहले ही बदमाश भाग निकले। खैरुल के मुताबिक चारों बदमाश पुलिस की वर्दी में थे। उधर, जलील को बहराइच के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी देर रात मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक एक साल पहले जलील की बहू सायराबानो अपने मायके बहराइच चली गई थी। तभी से जलील और खैरुल ही यहां रह रहे थे। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच की जा रही है।