गोंडा। जिले के बिजली कनेक्शन विहीन 98 परिषदीय विद्यालयों का जल्द विद्युतीकरण कराया जाएगा। बीएसए अमित कुमार सिंह ने प्राथमिकता वाले विद्यालयों की सूची अधीक्षण अभियंता विद्युत को भेजते हुए सभी स्कूलों में कनेक्शन का काम प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा है।
जिला अनुश्रवण समिति की 29 अगस्त को हुई बैठक में सीडीओ दयानंद प्रसाद ने बिजली कनेक्शन विहीन परिषदीय विद्यालयों को चिह्नित कर विद्युत विभाग से संयोजन कराने के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में बीएसए ने 98 विद्यालयों की सूची विद्युत विभाग को उपलब्ध कराई है। इन विद्यालयों में कनेक्शन के लिए दो करोड़ पांच लाख 32 हजार 371 रुपये विद्युत विभाग के खाते में पहले ही भेजे जा चुके हैं। सूची में बभनजोत, बेलसर, छपिया, करनैलगंज और हलधरमऊ समेत विभिन्न ब्लॉकों के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। बीएसए ने विद्युत वितरण खंड प्रथम से चतुर्थ के अधिशासी अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में संयोजन कार्य जल्द पूरा कराने को कहा है। विद्यालयों में बिजली पहुंचने से पंखे, प्रकाश, कंप्यूटर और अन्य शिक्षण संसाधनों के संचालन में सुविधा होगी। (संवाद)