गोंडा। ई-रिक्शा के संचालन से बिगड़ी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस ने ई-रिक्शा की कोडिंग कर उनके रूट भी निर्धारित किए हैं। अब निर्धारित रूटों पर ही ई-रिक्शा मिलेंगे।
यातायात पुलिस ने 900 ई-रिक्शा की कोडिंग पूरी करा ली है। सोमवार को नववर्ष पर निर्धारित रूटों पर ई-रिक्शा का संचालन शुरू हो गया है।
प्रभारी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि ई-रिक्शा से बिगड़ी यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए जिला अधिकारी नेहा शर्मा ने निर्देश दिए थे। इसके बाद ई-रिक्शा की कोडिंग कराकर उनके रूट निर्धारित कर दिए गए है। रूट नंबर एक पर पीली पट्टी पर सफेद नंबर वाले 300 ई-रिक्शा का संचालन रेलवे स्टेशन से पोर्टरगंज वाया झूलेलाल चौराहा, गुरुनानक चौराहा, एलबीएस चौराहा, अम्बेडकर चौराहा व कचहरी तिराहा तक।
रूट नंबर दो पर सफेद पट्टी पर काला नंबर वाले 200 ई-रिक्शा का संचालन रेलवे स्टेशन से सद्भावना तिराहा तक वाया झूलेलाल चौराहा, मनकापुर तिराहा तक। रूट नंबर तीन पर हरी पट्टी पर सफेद नंबर वाले 200 ई-रिक्शा का संचालन मिश्रौलिया क्रासिंग से झंझरी ब्लॉक तक वाया रोडवेज तिराहा, एलबीएस चौराहा, आईटीआई चौराहा, चुंगीनाका व झंझरी ब्लॉक तिराहा तक।
इसके अलावा रूट नंबर चार पर लाल पट्टी पर सफेद नंबर वाले 200 ई-रिक्शा का संचालन मिश्रौलिया क्रासिंग से सोनी गुमटी तक वाया रोडवेज तिराहा, गुरुनानक चौराहा, गुड्डूमल, डब्बूमल, महराजगंज तिराहा व मनकापुर तिराहा तक संचालन शुरू कर दिया गया है। बताया कि पांच हजार ई-रिक्शा की अभी कोडिंग बाकी है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।