गोंडा। सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने मंगलवार को विकास भवन में संचालित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीडीओ को कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी नदारद मिले। सीडीओ ने निरीक्षण में गैरहाजिर अधिकारियों-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटते हुए सभी को कारण बताओ नोटिस जारी की है। सीडीओ ने नदारद सभी कर्मियों से दो दिन में जवाब तलब किया है।
सीडीओ ने डीपीआरओ कार्यालय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, मत्स्य विभाग, लघु सिंचाई विभाग, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय, नेडा, डूडा विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, सहकारिता विभाग, पशु पालन विभाग, उपनिदेशक रेशम कार्यालय, अनुसूचित, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय, जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, पंचायत एवं नगरीय निकाय विभाग तथा सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय का निरीक्षण किया।
इस दौरान 9 अधिकारी तथा 49 कर्मचारियों समेत कुल 58 लोग अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने अनुपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश के साथ ही सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
सीडीओ ने बताया कि गैरहाजिर मिलने वाले अधिकारियों मेें सहायक अभियंता लघु सिंचाई, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण, पुनीत कुमार सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण, खंडीय लेखाधिकारी ग्रामीण अभियंत्रण, परियोजना अधिकारी नेडा व डूडा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शामिल रहे।
इसी तरह डीपीआरओ कार्यालय में 09, अर्थ एवं सख्या विभाग में 06, मस्य विभाग में 02, लघु सिंचाई में 05, भूमि संरक्षण विभाग में 01, नेडा में 01, डूडा में 02, पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय में 01, सहकारिता विभाग में 03, पशुपालन विभाग में 06, उपनिदेशक रेशम कार्यालय में 03, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय में 02, जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में 03, पंचायत एवं नगरीय निकाय विभाग में 04 तथा सर्व शिक्षा अभियान में 02 कर्मचारियों सहित कुल 49 कर्मचारी बिना किसी सूचना के गैरहाजिर मिले।
सीडीओ ने अनुपस्थित सभी अधिकारियों- कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश के साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब-तलब किया है।