गोंडा। कई वर्षों से ग्रामीणों की मांग पर करनैलगंज के ग्राम चकरौत से पैरोरी के बीच संपर्क मार्ग के निर्माण की हरी झंडी मिल गई है। इस मार्ग का निर्माण 82 लाख से स्वीकृत किया गया है।
ग्राम पंचायत चकरौत से पैरोरी संपर्क मार्ग के कच्चा होने के कारण ग्रामीणों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से कई गांव के लोगों का आवागमन होता है। हल्की सी बरसात होने पर वाहनों का आवागमन बंद हो जाता है। लोगों को पैदल ही आना जाना पड़ता है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ जाती है।
धर्मराज गोस्वामी सहित अन्य ग्रामीण इस मार्ग के निर्माण की मांग उठाते रहे। जिसे ध्यान में रखते हुए करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 82 लाख 44 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है।
जल्द ही मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जायेगा। मार्ग की स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीणों में रामसभा गोस्वामी, अनवर अली, छैल विहारी, बच्चू लाल गोस्वामी, जाकिर अली, दर्शन लाल, दिलीप, देशराज गोस्वामी, मुलुकराज गोस्वामी, कैलाश गोस्वामी, संतलाल, सुरेश, पप्पू, विद्द्याराम यादव सहित समस्त ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।