गोंडा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रही एक बालिका को केंद्र व्यवस्थापक ने पकड़ा लिया। छपिया के वलीउद्दीन इंटर कॉलेज भोपतपुर में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रही एक छात्रा पकड़ी गई, जिसके विरुद्ध थाने में केन्द्र व्यवस्थापक ने एफआईआर दर्ज करा दी है।
वहीं शासन की टीम ने आधा दर्जन परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी की। वहीं गुरुवार को हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी, जिसमें 6463 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। जिले स्तर से गठित आधा दर्जन सचल दलों ने कई परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए छापेमारी की।
छपिया के वलीउद्दीन इंटर कॉलेज भोपतपुर में गुरुवार को हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा में दूसरे से परीक्षा दिलाने के मामले का खुलासा हुआ है। दूसरे परीक्षार्थी की जगह पर परीक्षा देते हुये एक छात्रा के पकड़े जाने से खलबली मची रही। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर बालिका के विरुद्ध छपिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
केंद्र व्यवस्थापक अनुराग वर्मा ने बताया कि गुरुवार को विद्यालय में हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की परीक्षा चल रही थी। कक्ष निरीक्षक राकेश कुमार ने सूचना दी कि एक लड़की अपने रिश्तेदार के नाम पर परीक्षा दे रही है। केंद्र व्यवस्थापक के अनुसार परीक्षा दे रही लड़की अपने रिश्तेदार जिसका नाम भी वही था जो परीक्षार्थी का था। उसी के नाम पर परीक्षा दे रही थी।
एसओ छपिया बृजेंद्र पटेल ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक अनुराग वर्मा की तहरीर पर परीक्षा एक्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा शासन से देवीपाटन मंडल में परीक्षा की स्थिति की पड़ताल के लिए निदेशक साक्षरता साहब सिंह निरंजन की टीम बनाई गई है।
निदेशक ने टीम के साथ शहर के सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला, जीजीआईसी, श्रीगांधी इंटर कालेज रेलवे कालोनी, इटियाथोक के चिन्मय ग्रामोदय इंटर कालेज का निरीक्षण किया। इसके बाद वे बलरामपुर चले गए। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को बलरामपुर में निरीक्षण के बाद फिर गोंडा के परीक्षा केन्द्रों की पड़ताल करेंगे।
नकल के लिए पहले से बदनाम हैं मनकापुर क्षेत्र के केंद्र
बोर्ड परीक्षा में नकल के मामले में मनकापुर क्षेत्र के परीक्षा केंद्र पहले से बदनाम हैं। बभनजोत व छपिया क्षेत्र के केन्द्रों पर हर साल विशेष नजर रहती है। बताया जा रहा है कि शहर से दूर होने के कारण वहां के परीक्षा केन्द्रों पर खेल हो जाता है। फिर छपिया क्षेत्र में नकल के लिए दूसरे छात्रा के बैठने का खुलासा चौंकाने वाला है। माना जा रहा है कि यह स्थिति बिना किसी के शह के संभव नही है। फिलहाल पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
वर्जन
बोर्ड परीक्षा की निगरानी कड़ी कर दी गई है। केंद्रों पर परीक्षार्थियों की छानबीन तेज करने का निर्देश दिया गया है। जिससे कोई चूक न होने पाए। परीक्षा में नकल किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नही की जाएगी। हर स्तर से नजर रखी जा रही है।
- अनूप कुमार, डीआईओएस