ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत
इटियाथोक गोंडा। अपने चाचा के साथ किराने का सामान खरीदने इटियाथोक बाजार आए युवक की बाइक में बाजार से लौटते समय एक गिट्टी लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसके बाद बाइक पर बैठे चाचा तो अलग जा गिरे लेकिन भतीजा ट्रक के पहिए के नीचे जा गिरा। इस हादसे में भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के परसिया बहोरीपुर गांव के रहने वाले कृष्ण कुमार के मुताबिक उनके भाई रामदयाल की गांव में ही किराने की दुकान है। रविवार को दुकान के लिए किराने का सामान खरीदना था।
वह अपने भतीजे निरंजन(22) के साथ इटियाथोक बाजार आए थे। सामान खरीदने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। कृष्णकुमार ने बताया कि बाइक निरंजन चला रहा था। दोनों बाबागंज इटियाथोक मार्ग पर इटियाथोक रेलवे स्टेशन के समीप पहुंचे ही थे कि गिट्टी लदे एक ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी।
ठोकर लगने से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों बाइक से छिटककर गिर गए। कृष्ण कुमार के मुताबिक वह तो दूसरी तरफ गिरने के कारण वह तो बाल बाल बच गए लेकिन निरंजन ट्रक के पिछले पहिए के नीचे जा गिरा।
हेलमेट न पहने होने के कारण उसका सिर बुरी तरह से कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
वहीं इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने ही निरंजन के घर कोहराम मच गया। कृष्ण कुमार ने बताया कि निरंजन गुजरात प्रांत के राजकोट में रहता था। दीपावली मनाने के लिए वह चार दिन पहले ही घर आया था। निरंजन की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है।