आग लगने से पांच लाख रुपये के मोबाइल फोन राख
पांच हजार की नकदी भी जली
बेलसर (गोंडा)। रगडग़ंज बाजार स्थित एक मोबाइल की दुकान में गुरुवार तड़के अचानक आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा करीब पांच लाख रुपये का मोबाइल सेट व पांच हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। पड़ोसियों की मदद से दुकानदार ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। दुकानदार ने इस घटना की सूचना पुलिस चौकी पर दी है।
रगड़गंज बाजार के रहने वाले रामप्रसाद जायसवाल ने बताया कि कस्बे में ही उसकी जायसवाल मोबाईल सेंटर के नाम से मोबाइल फोन की दुकान है। बुधवार की रात में वह दुकान बंद कर कस्बे में ही अपने घर चला गया था। गुरुवार की भोर में अचानक उसकी दुकान में आग लग गई । आग लगने की सूचना उसके पड़ोसियों ने उसे दी। वह भागकर अपनी दुकान पर पहुंचा और लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन इस बीच उसकी दुकान पूरी तरह से जलकर राख हो गई और दुकान में रखा करीब पांच लाख रुपये का मोबाइल सेट व अन्य सामान जलकर राख हो गया। दुकान में रखी पांच हजार रुपये की नकदी भी जल गई। रामप्रसाद ने इस घटना की सूचना रगड़गंज चौकी पर दी है।