बाइक सवारों को बिना हेलमेट के पंपों पर नहीं मिलेगा पेट्रोल
गोंडा। सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रहा इजाफा चिंता की बात है। हमें स्वयं के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। इसके लिए संभ्रांत जन आगे आएं।
अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें और न ही चलाने दें। ये आह्वान जिलाधिकारी कैप्टन प्रभांशु श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में किया है।
जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि, सड़कें पार्किंग स्थल नहीं हैं। लोग अपने वाहन सड़कों पर खड़े कर देते हैं जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। बार-बार चेतावनी के बाद अब सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई शुरू की जा रही है।
डीएम ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन से आह्वान किया कि वे बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन सवारों को पेट्रोल न दें तथा उन्हें हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। ईओ नगर पालिका तथा नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई शुरू करें।
डीएम नेे संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जिले में सड़क सुरक्षा की गतिविधियों की निगरानी, सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की निगरानी, दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान करने, ब्लैक स्पॉट की चिह्नांकन एवं आवश्यक कार्रवाई व सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आदि उपाय करें। बैठक में एसपी लल्लन सिंह, एआरटीओ सर्वेश गौतम, सीएमओ डॉ. संतोष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।