बेटियों के संग पुलिस की पाठशाला कल
गोंडा। अमर उजाला बेटियों को उनके अधिकारों की जानकारी देने तथा पुलिस अधिकारियों को महिलाओं अपराधों की हकीकत से रूबरू कराने के लिए सोमवार को पुलिस की पाठशाला का आयोजन कर रहा है।
सरस्वती देवी नारी ज्ञान स्थली महाविद्यालय में आयोजित पाठशाला में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी व विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक होंगे।
अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में सोमवार को शहर के सरस्वती देवी नारी ज्ञान स्थली महाविद्यालय में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विशिष्ट पुलिस अधीक्षक लल्लन सिंह होंगे।
पुलिस की पाठशाला में एंटी रोमियो स्क्वॉयड के प्रभारी मनीष जाधव व महिला थानाध्यक्ष संजू यादव व यातायात प्रभारी अपनी टीमों के साथ बेटियों से रूबरू होंगे। पुलिस पाठशाला में पुलिस अधिकारी, महिला दरोगा, महिला आरक्षी बेटियों को महिला सुरक्षा के लिए चलाई जा रही डायल 100, 1090 सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी देंगी।
साथ ही बेटियों व महिलाओं के प्रति खराब नीयत रखने वाले लोगों से कैसे मुकाबला करे, इसके तौर तरीके बताएंगी। पाठशाला में बेटियों की समस्याएं भी सुनकर उनका निस्तारण तुरंत कराया जाएगा।
सरस्वती देवी नारी ज्ञान स्थली महाविद्यालय की संस्थापिका डॉ. कृष्णा सिन्हा ने कहा कि अमर उजाला की यह सराहनीय पहल है, जिसमें बेटियों को अपनी बात पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का मौका मिलेगा।