स्कूल के सामने गिरे पोल में दौड़ रहा करंट
नाराज ग्रामीणों ने बच्चों संग किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
मोतीगंज (गोंडा)। प्राथमिक विद्यालय घरवासजोत के ठीक सामने चार दिनों से बिजली का एक खंभा टूटकर गिरा पड़ा है। जिसमें बिजली का करंट भी उतर रहा है। किसी भी वक्त इससे यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लेकिन इसके बाद भी पावर कॉर्पोरेशन के लोग इससे अंजान हैं। मंगलवार को इसके विरोध में ग्रामीणों ने स्कूली बच्चों संग प्रदर्शन भी किया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजू सोनकर ने बताया कि चार दिन पहले बारिश के दौरान प्राथमिक विद्यालय घरवासजोत के ठीक सामने लगा बिजली का खंभा टूट कर गिर पड़ा था। खंभे में बिजली के तार जस के तस लगे हैं। जिसमें करंट भी है। खंभा टूटने पर इसकी शिकायत चार बार इलाकाई लाइनमैन राम केवल मौर्य से की गई। लेकिन आज तक कोई भी बिजलीकर्मी गांव में झांकने नहीं आया। प्रधान प्रतिनिधि का कहना है कि टूटकर गिरे बिजली के खंभे में बिजली का करंट उतरने से किसी भी वक्त कोई बड़ी घटना हो सकती है। क्योंकि विद्यालय में दर्जनों की संख्या में छोटे बच्चे पढ़ते हैं। जिसके ठीक सामने ही बिजली का खंभा टूटकर गिरा पड़ा है। मंगलवार को दुर्गा प्रसाद, अवशेष कुमार, वासुदेव, विजय कुमार, राधे,, अनिल सोनकर सहित तमाम ग्रामीणों ने बच्चों संग प्रदर्शन कर इसका विरोध भी किया। वहीं इस संबंध में एसडीओ संदीप तिवारी का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं मिली है। लेकिन अगर ऐसी कोई बात है तो इसे अभी ठीक कराया जा रहा है।