गोंडा। शहर के श्रीरघुकुल विद्यापीठ समेत नौ जिलों में रविवार को 22वीं मंडलीय प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया गया।
इस दौरान कुल 70 हजार विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया है। वहीं आठ जनवरी को कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन पर उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
लखनऊ के काॅल्विन तालुकदास कॉलेज प्रधानाचार्य व प्रतिभा खोज परीक्षा के संयोजक डॉ राकेश्वर सिंह ने बताया कि गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बस्ती, गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ और बाराबंकी के छात्रों ने 22 वीं मंडलीय प्रतिभा खोज परीक्षा-2024 में भाग लिया है।
सुबह 11 से दो बजे तक परीक्षा का आयोजन किया गया। श्री रघुकुल विद्यापीठ समेत जिले के 35 केंद्रों पर प्रतिभा खोज परीक्षा कराई गई है। सिर्फ गोंडा में करीब 25 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया है। वहीं आठ जिलों में 70 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए हैं।
परीक्षा जूनियर, मिडिल और सीनियर वर्ग में कक्षा छह से 12 तक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया है। प्रत्येक वर्ग में जिले में प्रथम वर्ग विजेता को स्कूटी या मोटरसाइकिल, द्वितीय विजेता को 21 हजार रुपये व तृतीय स्थान पाने वाले को 16 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा।
सांत्वना पुरस्कार के तौर 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। आठ जनवरी को नंदिनीनगर में सुबह 10 बजे से पुरस्कार वितरण किया जाएगा।