गोंडा। एनजीटी के सख्ती के बावजूद अस्पताली कचरा खुलेआम फेंका जा रहा है। छोटे क्लीनिक ही नहीं बड़े मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल भी नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
स्वास्थ्य टीम के निरीक्षण में एससीपीएम हॉस्पिटल समेत चार संस्थानों में बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं मिली। सभी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।
शहर के दु:खहरणनाथ मंदिर के पास संचालित एससीपीएम 100 बेड व 300 बेड वाले अस्पताल के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं मिली।
स्टेशन रोड पर संचालित लॉजिक डायग्नोस्टिक सेंटर, बहराइच रोड पर संचालित सिद्धिविनायक हॉस्पिटल व डॉ. रंजना मोर क्लीनिक का निरीक्षण किया गया।
इसमें कलर कोटेड डस्टबिन में अस्पताली कचरा नहीं मिला। बायोमेडिकल वेस्ट एक ही जगह डंप मिला, कई महीनों से लाॅगबुक नहीं भरा गया। अस्पताल के कर्मियों को बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण से संबंधी कोई जानकारी नहीं थी। इसी प्रकार कई अनियमितताएं मिली।
सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि बायोमेडिकल वेस्ट को लेकर सख्ती की जा रही है। जो अस्पताल निस्तारण की उचित व्यवस्था कर सूचित नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।