झंझरी। ईंट व्यापारी से 70 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जालसाजों ने कोयला आपूर्ति और ईंट-भट्ठे से जुड़े कार्यों का ठेका दिलाने का झांसा देकर रकम हड़पी।
बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गागूदेवर निवासी गंगाबक्श सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि खरगूपुर के धामबरा हेमा निवासी राम भुलावन सोनकर तथा बीरपुर झलहिया निवासी प्रवेश कुमार सोनकर अपने दो अन्य साथियों के साथ उनसे मिले थे। आरोपियों ने स्वयं को ठेकेदार बताते हुए ईंट पथाई, झोंकाई, भराई, निकासी और दुलाई का काम कराने तथा कोयला आपूर्ति की व्यवस्था करने का दावा किया था।
पीड़ित के अनुसार शुरुआत में उन्होंने प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया था, लेकिन बाद में आरोपियों ने दोबारा संपर्क कर भरोसा दिलाया कि वे सभी काम समय से पूरा कराएंगे और कोयले की नियमित आपूर्ति भी सुनिश्चित करेंगे। उनकी बातों पर विश्वास कर उन्होंने अलग-अलग किश्तों में करीब 70 लाख रुपये नकद दे दिए। 10 रुपये के स्टांप पेपर पर एक एग्रीमेंट भी कराया गया था। आरोप है कि धनराशि लेने के बाद आरोपी काम शुरू करने और कोयला उपलब्ध कराने को लेकर लगातार टालमटोल करते रहे।
जब रुपये मांगे गए तो उन्होंने किसी भी प्रकार के लेन-देन से इन्कार कर दिया। गंगाबक्श सिंह के अनुसार 20 मई को गोंडा गल्ला मंडी के पास आरोपियों से दोबारा मुलाकात हुई। वहां भी रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकाया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।