परीक्षा केंद्र पर छात्राओं की चेकिंग करतीं अध्यापिका।
गोंडा। जिले में बुधवार को कड़ी निगरानी के बीच यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन 151 केंद्रों पर हिंदी विषय की परीक्षा हुई। 6203 ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक हुई।
इस पाली में 50,375 विद्यार्थियों की जगह 47,189 ने परीक्षा दी। 3,186 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में इंटर की हिंदी की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक हुई। इस पाली में पंजीकृत 43,932 विद्यार्थियों में से 40,915 शामिल हुए। 3,017 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व तलाशी अभियान चलाया गया और केंद्र व्यवस्थापकों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। पूरे दिन जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीमें सक्रिय रहीं। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई।
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र, एसडीएम करनैलगंज नेहा मिश्रा, एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता, एसडीएम तरबगंज विश्वमित्र सिंह, एसडीएम अवनीश त्रिपाठी सहित विभिन्न अधिकारियों ने केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।