गोंडा। मंडल के तीन जिलों की करीब 10 लाख आबादी को जल्द ही गड्ढों से निजात मिल जाएगी। पीडब्ल्यूडी की तरफ से सड़क मरम्मत व चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गोंडा में करनैलगंज, परसपुर व दुर्जनपुर बंधा मार्ग, बहराइच जिले में पयागपुर-शिवदहा मार्ग और श्रावस्ती जिले में कटरा लालबोझी मार्ग का निर्माण होगा। इसकी प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति शासन ने दी है। इन सड़कों के निर्माण पर 161 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
करनैलगंज, परसपुर, दुर्जनपुर बंधा मार्ग की लंबाई 35 किलोमीटर है। तरबगंज विधायक प्रेमनरायन पांडेय ने बंधा मार्ग व स्थानीय लोगों की जरूरत व उपयोगिता को देखते हुए शासन को इसके चौड़ीकरण व उच्चीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद 35 किलोमीटर लंबे परसपुर से दुर्जनपुर तक बंधा मार्ग के चौड़ीकरण व उच्चीकरण के लिए 77.71 करोड़ के बजट की मंजूरी शासन से मिल गई है। इससे चार लाख आबादी की राह भी आसान हो सकेगी।
उप्र. शासन के उपसचिव ने राजेश प्रताप सिंह ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व विभागाध्यक्ष को पत्र लिखकर बजट की पहली किस्त देने की स्वीकृति भी दे दी है। बंधा मार्ग में चौड़ीकरण व उच्चीकरण में लगने वाले कुल बजट के सापेक्ष राज्य सड़क निधि से 19.43 करोड़ की पहली किस्त जारी की गई है।
इसी तरह श्रावस्ती जिले में कटरा लालबोझी मार्ग की भी स्वीकृति हो गई है। सात मीटर चौड़ी बनने वाली 17.20 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 58.41 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। पहली किस्त 14.60 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही सड़क बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
बहराइच जिले के पयागपुर-शिवदहा मार्ग 10 किलोमीटर लंबा है। इसकी मरम्मत की मांग भी काफी समय से की जा रही थी। इस सड़क के चौड़ीकरण व उच्चीकरण के 24.86 करोड़ की स्वीकृति शासन ने दी है। पहली किस्त 12.43 करोड़ की पहली किस्त जारी हो चुकी है।
क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करना ही प्राथमिकता
विधायक तरबगंज, प्रेमनरायन पांडेय के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित करने के साथ ही सड़क, विद्युतीकरण व गांवों को संपर्क मार्ग से जोड़ने कार्य किया जा रहा है। जो कार्य बीते शासन काल में अधूरे रह गए हैं उसे इस शासन काल में पूरा करने का प्रयास जारी है।
तय समयावधि में पूरा कराएंगे काम
मुख्य अभियंता, देवीपाटन लोनिवि, राधेश्याम शर्मा के अनुसार बहराइच में पयागपुर व शिवदहा संपर्क मार्ग व श्रावस्ती जिले के कटरा लालबोझी मार्ग का टेंडर हो चुका है। निविदा का निस्तारण कराया जा रहा है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। गोंडा के करनैलगंज, परसपुर व दुर्जनपुर बंधा मार्ग का टेंडर भी जल्द कराया जाएगा। तय समयावधि में कार्य पूरा कराने के निर्देश अभियंताओं को दिए गए हैं।