गोंडा। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते सात माह बाद सोमवार को जनपद के करीब 600 शैक्षिक संस्थानों के ताले खुल जायेंगे। 483 इंटर कॉलेज के साथ करीब 50 महाविद्यालयों व 46 अन्य बोर्डों के स्कूलों को खोला जाएगा। इंटर कॉलेजों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को 50 फीसदी की उपस्थिति के साथ विद्यालय में बुलाया जाएगा। दो शिफ्ट में पढ़ाई होगी। सुबह की पहली पाली 8:50 बजे से 12 बजे तक चलेगी जिसमें कक्षा नौवीं व दसवीं के छात्रों की पढ़ाई होगी। दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 3:20 बजे तक चलेगी जिसमें 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाया जायेगा। स्कूल-कॉलेज खोलने के लिए संचालकों को सरकार व स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करना होगा। शिक्षा विभाग के साथ साथ जिला प्रशासन भी स्कूलों का अचौक निरीक्षण कर कोरोना से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेगा। उप शिक्षा निदेशक स्कूलों का निरीक्षण करेंगे।
स्कूलों में बनाना होगा मेडिकल रूम
सोमवार को स्कूल खोलने के लिये सभी स्कूलों के संचालकों को अपने यहां एक मेडिकल कक्ष बनाना होगा। जिसमें किसी मेडिकल प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती की जायेगी। मेडिकल रूम में दो बेड, आक्सीजन, प्लस ऑक्सीमीटर व थर्मल स्कैनर व मास्क रखना होगा। किसी भी छात्र की तबियत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक उपचार देकर घर तक छोड़ने के लिए वाहन की व्यवस्था भी करनी होगी। स्कूल परिसर में अंदर थूकने पर पाबंदी होगी। छात्रों को कक्षाओं में कोरोना वायरस से बचाव की जानकारी दी जायेगी।
स्कूल खोलने के लिए करने होंगे ये इंतजाम
-स्कूल खोलने से पहले अभिभावकों से अनुमति लेना आवश्यक होगा।
-विद्यालय खोले जाने के पूर्व पूरी तरह से सेनेटाइज कराया जाएगा।
-प्रति पाली में कक्षाएं समाप्त होने के बाद भी सेनेटाइज कराये जाने की व्यवस्था करना होगा।
-विद्यालयों में मास्क, सेनेटाइजर, हैंडवाश, थर्मल स्कैनर व मेडिकल रूम की व्यवस्था करनी होगी।
-विद्यालय के मुख्य गेट पर प्रवेश के पहले सेनेटाइजर की व्यवस्था की जायेगी।
- विद्यालय के सभी अध्यापकों व कर्मचारियों को मास्क लगाकर ही परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।
- विद्यार्थियों को 6 फीट की दूरी पर बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
-विद्यार्थियों को विद्यालय में उपस्थिति के लिए बाध्य नहीं किया जायेगा।
-ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन चलता रहेगा।
डीआईओएस ने सघन चेकिंग कर परखी स्कूलों की व्यवस्था
गोंडा। माध्यमिक विद्यालयों के सोमवार से खुलने के आदेश को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने रविवार को करीब एक दर्जन विद्यालयों का निरीक्षण। जिला विद्यालय निरीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि विद्यालय को खोलने के साथ साथ दिए गए निर्देशों का कड़ाई के साथ पालन करना है। बताया कि जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों /इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यो को कॉविड 19 के गाइड लाइन के बारे में बता दिया गया था। जिसका अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए सघन निरीक्षण किया उस रहा है। जो अभी चलता रहेगा। बताया कि जो विद्यालय गाइड लाइन के अनुरूप कार्य करते नहीं मिलेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही कि जाएगी। बताया कि क्षेत्र में नोडल अधिकारी, संयुक्त शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल व अन्य अधिकारी भी जांच कर रहे हैं। डीआईओएस ने बताया कि रविवार को भी विद्यालयों को खुला रखने का निर्देश दिया गया था। जिससे निरीक्षण करने में व्यवधान न उत्तपन्न हो। क्षेत्र के करीब एक दर्जन विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। जिनमें सभी व्यवस्था गाइड लाइन के अनुरूप मिली।