गोंडा। छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में लापरवाही बरतने वाले माध्यमिक विद्यालयों के खिलाफ डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने सख्त रुख अपनाया है। जिले के करीब 590 विद्यालयों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए छह अगस्त की रात 12 बजे तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर प्रोफाइल मास्टर डाटा लॉक करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं करने वाले प्रधानाचार्यों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
डीआईओएस ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाना है। सभी विद्यालयों को छात्रवृत्ति पोर्टल पर प्रोफाइल मास्टर डाटा लॉक करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद जिले के कक्षा नौ एवं 10 तथा 11 एवं 12 संचालित करने वाले करीब 590 विद्यालयों ने अभी तक प्रोफाइल मास्टर डेटा लॉक नहीं किया है।
जिला स्तर पर कई समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं और गूगल मीट के माध्यम से भी प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश दिए गए, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। डीआईओएस ने स्पष्ट किया कि छह अगस्त की रात 12 बजे तक यदि संबंधित विद्यालय प्रोफाइल मास्टर डाटा लॉक नहीं करते हैं तो संबंधित प्रधानाचार्यों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।