गोंडा। अयोध्या में बृहस्पतिवार से होने वाली 14 कोसी परिक्रमा के लिए बुधवार सुबह से ही जिले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। गोंडा के अलावा आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में भक्त अयोध्या रवाना हुए। इस वजह से रोडवेज बस स्टेशन पर भारी भीड़ दिखी। श्रद्धालुओं के उत्साह और बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने अयोध्या के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया है।
पहले अयोध्या के लिए 33 बसों का संचालन होता था, लेकिन बुधवार को शाम चार बजे तक ही अयोध्या को 52 बसें भेज दी गईं। बस स्टेशन पर लगातार यात्रियों की भीड़ बढ़ने से रोडवेज कर्मचारियों के पसीने छूट गए। डिपो प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कर्मियों की ड्यूटी लगाई। गोंडा डिपो की केंद्र प्रभारी ज्योति ने बताया कि कई मार्ग की बसों को स्टॉप न देकर अयोध्या के लिए रवाना किया जा रहा है।
बस स्टेशन के वेटिंग हॉल में कई श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए अयोध्या जाने की प्रतीक्षा करते नजर आए। एआरएम कपिलदेव ने बताया कि अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। हर कोई प्रभु श्रीराम की नगरी में जाकर चौदह कोसी परिक्रमा का पुण्य लाभ लेने को आतुर है। जरूरत पड़ने पर डिपाे की अन्य बसों को अयोध्या के लिए भेजा जाएगा।