अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाएं डीएम
वीडियो कांफ्रेंसिंग में नगर विकास मंत्री ने दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। शनिवार को हुई वीडियो कांफ्रेसिंग में नगर विकास मंत्री ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही सरकारी जमीनों पर किसी तरह का कब्जा दोबारा न हो, इसके लिए भी निर्देशित किया है।
एनआईसी में वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने नगरपालिका क्षेत्रों तथा नगर पंचायतों में अतिक्रमण की रिपोर्ट न भेजने वाले अधिशासी अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए। वहीं हर हाल में शुद्ध पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा साफ.सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। इसके अलावा बॉयोमेडिकल बेस्टेज के लिए किए गए प्रबन्धों से अवगत करने तथा कूड़ा निस्तारण के लिए प्लान्ट लगाए जाने जाने व इसके लिए जमीन खरीदने इत्यादि के निर्देश दिए हैं। साफ सफाई व्यवस्था के लिए उन्होने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवश्यकता के सापेक्ष सत्तर प्रतिशत सफाईकर्मियों की नियुक्ति आउट सोर्सिंग के माध्यम से करा लें तथा उन्हें मानदेय भुगतान के लिए अकाउंट पेई चेक ही दिया जाय। उन्होंने रोस्टरवार अभियान चलाकर सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा कि सफाई अभियान में स्वयं सेवी संस्थाओं तथा सम्भ्रान्त जनों का सहयोग लेने का भी सुझाव दिया। ओडीएफ की समीक्षा करने के दौरान उन्होने कहा कि दिसम्बर 2017 तक ज्यादा से ज्यादा नगरपालिका तथा नगर पंचायतों को ओडीएफ कर दिया जाय। इसके लिए सभी डीएम प्लानिंग के तहत युद्धस्तर पर काम शुरू कर दें जिससे सरकार की मंशानुसार समय से ओडीएफ कराने का काम कराया जा सके।