गोंडा। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते अब प्रदेश सहित जिले भर में बड़ी संख्या में लोग कोरोना संक्रमित हो रहे हैं। लगातार कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। लेकिन ठीक होने वालों की संख्या भी अधिक है। सरकार की ओर से कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए वैक्सीन को जल्द ही लाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए शासन ने जिले को 11.20 लाख का बजट जारी कर दिया है और वैक्सीन रखने के लिए दिसंबर तक हर हाल में वैक्सीन स्टोर तैयार करना है। पहले फेज में जिले के करीब 50 हजार कोरोना योद्धाओं को वैक्सीन लगाई जाएगा। इसमें स्वास्थ्य कार्यों से जुड़े सभी डाक्टर व कर्मचारी शामिल किए जाएंगे।
कोरोना की वैक्सीन कब तक आएगी, अभी यह तय नहीं है पर शासन ने वैक्सीन रखने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जिले में दिसंबर तक एक स्टोर बनाने के लिए बजट जारी किया गया है। जिले में स्टोर के लिए जिला अस्पताल परिसर स्थित एएनएम अचल प्रशिक्षण केंद्र का चयन किया गया है। यह तय हो गया है कि वैक्सीन पहले सरकारी और निजी स्वास्थ्यकर्मियों को लगाई जाएगी। वैक्सीन के रखरखाव और लगाने की जिम्मेदारी भी इन्हीं पर होगी। इसलिए पहले इन्हें सुरक्षित किया जाएगा। डॉक्टर से लेकर पैरा मेडिकल स्टाफ की सूची तैयार करने का काम भी शुरू हो गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. देवराज ने बताया कि वैक्सीन स्टोर के रखरखाव एवं अन्य व्यवस्था के लिए शासन की ओर से 11.20 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। स्टोर में 50 आइस लाइनर रेफ्रिजेरेटर की व्यवस्था होगी। प्लस टू से प्लस 8 के तापमान तक वैक्सीन को रखने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोरोना योद्धा के रूप में गांव में काम करने वाली आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, एएनएम, स्टाफ नर्स, डाक्टर, फार्मासिस्ट, लैव टेक्नीशियन, लैव सहायक, एक्सरे टेक्नीशियन सहित सभी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी शामिल किए गए हैं। इनकी संख्या करीब 50 हजार है।
निजी अस्पतालों से मांगी गई कर्मियों की डिटेल
जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बाहर निकलकर कोरोना वायरस की लड़ाई में अहम भूमिका निभा रहे कर्मचारियों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों के कर्मचारियों का भी ख्याल रख रहा है। इसी के चलते प्राइवेट अस्पतालों से भी उनके कर्मियों का ब्योरा आधार कार्ड के साथ ही मांगा गया है। सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को कोरोना की वैक्सीन दी जायेगी।
फैक्ट फाइल
जिला अस्पताल- 1
जिला महिला अस्पताल- 1
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र 16
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र 50
एएनएम सेंटर 350
कुल निजी अस्पताल 67
आशा बहू-2400
महिला आंगनबाड़ी की कार्यकर्ता व सहायक-4000
वैक्सीन रखने की शुरू है तैयारी
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी पूरी मेहनत के साथ कोरोना के संक्रमितों की देखभाल और कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम की दिशा में पूरा प्रयास कर रहे हैं। इसलिए उनकी सेहत की देखभाल बहुत जरूरी है। कई स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित होने के बाद भी फिर कोरोना निगेटिव हो चुके हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने की दिशा में बाधा बन सकता है। सभी वारियर्स की डिटेल जुटाई जा रही है। शासन की ओर से रिपोर्ट मांगी गई है। -डॉ. मधु गैरोला, सीएमओ