गोंडा। जैसा कि पहले ही अमर उजाला में खबर के जरिये जिले में कोरोना संक्रमितों का पता लगाने के लिए जांच में लापरवाही की आशंका जताई गई थी। जिसके चलते अचानक जिले में कोरोना का ग्राफ नीचे आ गया था। अब जिले के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फिर से कोरोना संक्रमितों की पड़ताल के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। ऐसे में कोरोना संक्रमितों की संख्या भी बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को जिले में कुल 35 लोग कोरोना संक्रमित पाये गये और 12 लोग ठीक हुए हैं। इसमें से 10 कोरोना संक्रमितों का होम आइसोलेशन ओवर हुआ और दो लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है।
बृहस्पतिवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक खरगूपुर थाने में तीन लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं और सीएचसी रूपईडीह में पांच लोग कोरोना वायरस से ग्रसित पाये गये हैं। बृहस्पतिवार को कुल 1508 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। 237 लोग होम आइसोलेशन में हैं। इसके अलावा 16 लोगों को इलाज जिले के बाहर चल रहा है और 8 लोग कोविड अस्पताल में भर्ती हैं। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि जो लोग भी कोरोना से ग्रसित पाये जाते हैं, उन्हें पूरी निगरानी में रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कोरोना संक्रमित अपने ऑक्सीजन लेवल पर नजर रखें।