गोंडा। बेसिक शिक्षा विभाग में निपुण भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला समन्वयक समेत कुल 10 पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया गया, जो देर शाम तक चला।
भर्ती प्रक्रिया के तहत जिला समन्वयक (निपुण भारत मिशन) के एक पद, कंप्यूटर ऑपरेटर के तीन, ब्लॉक समन्वयक (एमआईएस) के चार तथा ब्लॉक क्वालिटी समन्वयक के दो पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इन पदों के लिए कुल 407 आवेदन प्राप्त हुए, लेकिन निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में केवल 46 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। डीएम प्रियंका निरंजन की मौजूदगी में चार सदस्यीय चयन समिति ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। इस दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता, कार्य अनुभव तथा विभागीय योजनाओं की समझ को परखा गया। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि सभी पदों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। अभ्यर्थियों के प्राप्त अंकों और पात्रता के आधार पर चयन सूची तैयार की जा रही है। (संवाद)