फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोदाम प्रभारी फरार, 1.23 लाख लोगों के निवाले पर संकट

विज्ञापन
विज्ञापन
मुजेहना (गोंडा)। अनाज घोटाले के आरोपियों पर जैसे-जैसे शिकंजा कस रहा है, वैसे-वैसे इसमें शामिल विभाग के कर्मचारी लापता होने लगे हैं। इसी क्रम में मुजेहना के अनाज गोदाम का प्रभार देख रहे विपणन निरीक्षक गोदाम पर ताला लगाकर बगैर किसी सूचना के लापता हो गए हैं।
विज्ञापन


पिछले सात दिनों से गोदाम प्रभारी लापता है, जिसके चलते गोदाम पर ताला लटक रहा है। गोदाम न खुलने से राशन उठान का कार्य ठप हो गया है और अगस्त में क्षेत्र के 33 हजार कार्डधारकों के 1.23 लाख लाभार्थियों के निवाले पर संकट मंडराने लगा है। पांच तारीख से अनाज का वितरण होना है, लेकिन उठान न होने से इस महीने राशन का वितरण नहीं हो सकेगा। ऐसे में राशन न मिलने से 1.23 लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

मुजेहना विकास खंड में धानेपुर बाजार में स्थित पूर्ति विभाग के अनाज गोदाम पर प्रभारी के रूप में विपणन निरीक्षक सुशील भूषण चतुर्वेदी की तैनाती है। गरीबों के लिए आवंटित होने वाले राशन को कोटेदारों में वितरित करने की जिम्मेदारी है। प्रत्येक महीने राशन के उठान का रोस्टर भी विभाग ने तय कर रखा है। इसके बावजूद उठान में रोस्टर का पालन नहीं किया जाता।
विज्ञापन


कोटेदारों के मुताबिक गोदाम प्रभारी ने 27 जुलाई से राशन उठान के लिए उन्हें गोदाम पर बुलाया था। कोटेदार दुर्गा प्रसाद मिश्रा व रज्जन पांडेय ने बताया कि उनके साथ करीब आधा दर्जन कोटेदार 27 जुलाई को राशन उठान के लिए गोदाम पर मौजूद थे। उठान की प्रक्रिया चल ही रही थी कि अचानक एक फोन आया और गोदाम प्रभारी ने उठान रोक दी।

कोटेदार कुछ समझ पाते, इसके पहले ही प्रभारी ने गोदाम पर ताला लगा दिया और लापता हो गए। तब से सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन गोदाम प्रभारी का पता नहीं चल रहा है। उनका मोबाइल भी बंद है। कोटेदारों का कहना है कि अगर समय से उठान नहीं हुई तो रोस्टर के मुताबिक पांच तारीख से राशन का वितरण नहीं हो सकेगा।


गोदाम के बाहर खड़े हैं अनाज लदे 13 ट्रक
जिला मुख्यालय से राशन लेकर आए 13 ट्रक भी गोदाम के बाहर खड़े है और गोदाम प्रभारी के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। ट्रक चालक जोखू व हरि गोपाल दुबे ने बताया कि वह 25 जुलाई को राशन लेकर गोदाम पर आए थे। दो दिन कतार में रहने के बाद जब उनका नंबर आया तो गोदाम प्रभारी लापता हो गए। तब से वह गोदाम के बाहर खड़े होकर प्रभारी की राह देख रहे हैं।

उठान से लेकर वितरण तक का तय है रोस्टर
राशन के उठान व वितरण को लेकर पूर्ति विभाग ने रोस्टर बना रखा है। इस रोस्टर के मुताबिक राशन वितरण की जिम्मेदारी संभालने वाले कोटेदार महीने की 23 से 30 तारीख तक गोदाम से राशन का उठान करते हैं और अगले माह की पांच तारीख से 18 तारीख तक राशन का वितरण किया जाता है।


मुजेहना गोदाम से फरार प्रभारी की जानकारी है। गोदाम से खाद्यान्न उठान तथा मुख्यालय से गए अनाज उतरवाने व वितरित कराने के लिए डीएसओ व डिप्टी आरएमओ को निर्देश दिया गया है। अनाज उठान व वितरण कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
विज्ञापन

-आरके वर्मा, एसडीएम सदर


फैक्ट फाइल
कुल ग्राम पंचायत-57
कोटेदारों की संख्या-75
कुल राशन कार्ड धारक-33267
कुल लाभार्थी-123799
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें