स्टे वायर में उतरा करंट, बालक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
करनैलगंज(गोंडा)। विजली विभाग की लापरवाही ने एक बालक की जान ले ली। स्थानीय कोतवाली अंर्तगत ग्राम सकरौरा ग्रामीण निवासी परशुराम का 13 वर्षीय पुत्र अंकित यादव की बिजली के तार के चपेट में आने से मौत हो गई।
आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व सरदार मेजर सिंह के मकान के पास से उसके गांव होते हुए तिवारी पुरवा तक विद्युत लाइन बनाई गई थी। उसके घर से दक्षिण तरफ लगे विद्युत पोल को सपोर्ट देने के लिए एक स्टे तार लगाया गया था। जो बिजली के मुख्य तार से टकरा रहा था। स्टे तार को जमीन में मोटी राड के साथ नट बोल्ट से बांधने के बजाय उसे एक लकड़ी के एक खम्भे में बांध दिया गया। करीब एक सप्ताह पूर्व किसी पशु के रगड़ने से स्टे तार उससे छूटकर पोल के नीचे लटकने लगा। रविवार की देर शाम उसका भतीजा अंकित यादव शौंच के लिए जा रहा था। वह पोल से लटक रहे स्टेतार की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों में शिवप्रसाद, बाबदीन, राधवराम, सुरेश बाबा गोस्वामी, विद्याराम, पवन कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने लाइनमैन, अवर अभियंता एवं उपखंड अधिकारी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किये जाने की मांग की है। उपखंड अधिकारी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो मामले की जांच करके उचित कार्रवाई की जायेगी।