गोंडा। बेघर परिवारों को चिह्नित करने के लिए 411 कर्मियों को सर्वे के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास के लिए जल्द सर्वे होना है। अभी तिथि तय नहीं हुई है। परियोजना निदेशक चंद्रशेखर ने बताया कि शासन से तिथि तय होने पर सर्वे शुरू किया जाएगा। फिलहाल तैयारी की जा रही है।
नए वित्तीय वर्ष में पीएम आवास योजना के लिए प्रस्ताव भेजने के लिए सर्वे का काम होना है। पात्रों को आवास मिले, इसके लिए प्रशासन की तरफ से 411 कर्मियों को सर्वे कार्य के लिए लगाया गया है। जिले के 16 ब्लॉकों में पीएम आवास का सर्वे कार्य पूरा करने के लिए 411 कर्मियों को विभिन्न क्षेत्रों में लगाया गया है।
इनमें ग्राम विकास विभाग के 89 कर्मी शामिल हैं। लघु सिंचाई विभाग के 19 टेक्नीशियन, पंचायत विभाग के 73, राजस्व विभाग के 121, चकबंदी विभाग के 9, कृषि विभाग के 22 कर्मी, पशुपालन के 15, समाज कल्याण के एक, गन्ना विभाग के 10, सहकारिता विभाग के दो, नलकूप खंड के 49, सरयू नहर खंड चार के एक कर्मचारी को सर्वे कार्य में लगाया गया है। सभी कर्मियों का समय से सर्वे पूरा करने के लिए एप पर पंजीकरण किया जा रहा है।