गोंडा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की पुनर्परीक्षा 21 जून को जिले के नौ केंद्रों पर होगी। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस पुनर्परीक्षा में जिले के 4013 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक रामचंद्र ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन और लाइव फोटो कैप्चर अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास साइबर कैफे और छायाप्रति की दुकानें बंद रहेंगी। यह कदम किसी भी अनियमितता की आशंका को रोकने के लिए उठाया गया है। जिले में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज और श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज जैसे संस्थान शामिल हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष व्यवस्था की है।
केंद्र प्रभारी हरिश्चंद्र पांडेय के अनुसार नीट अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में किराए पर 50 फीसदी छूट मिलेगी। यह छूट 19 जून की मध्यरात्रि से 21 जून की मध्यरात्रि तक लागू रहेगी। जिले की 133 बसें इसके लिए तैयार रखी गई हैं। परिचालक प्रवेश पत्र के आधार पर रियायती टिकट जारी करेंगे। टिकटिंग मशीन में अभ्यर्थी का नाम, अनुक्रमांक, यात्रा मार्ग और किराए का विवरण दर्ज होगा।