विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए गुरुवार को बनाई गई 375 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला ने इतिहास रच दिया। जैसे ही घड़ी की सुइयों ने 12 बजने का संकेत दिया वैसे ही शत प्रतिशत मतदान करने के नारे के साथ करीब चार लाख स्कूली बच्चों, शिक्षकों अफसरों व मतदाताओं के हाथ मानव शृंखला के लिए आपस में जुड़ गए।
जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित की गई इस मानव शृंखला की पूरे जिले में धूम रही। विधानसभा निर्वाचन 2017 में शत प्रतिशत मतदान करने का लक्ष्य लेकर गुरुवार को जिले भर में स्कूली बच्चों के सहयोग से 375 किलोमीटर मानव श्रृंखला बनाई गई।
मानव शृंखला का सेंटर बनाए गए नगर के बडग़ांव चौराहे पर जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन, भारत निर्वाचन आयोग से नियुक्त पुलिस प्रेक्षक बृजेश ओझा, मेहनौन की प्रेक्षक एवं टीम लीडर आर. जया व पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से तिरंगे गुब्बारे को हवा में उडा़कर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
दोपहर ठीक 12 बजे सायरन बजते ही पूरे जिले भर के चार लाख लोगों के हाथ आपस में जुड़ गए और गोंडा का है यह ऐलान, शत प्रतिशत होगा मतदान के गगनभेदी नारे के साथ पूरा जिला गुंजायमान हो उठा। निर्धारित पांच मिनट तक मतदाताओं को जागरूक करने के लिए लोग पूरे उत्साह से नारे लगाते रहे।
मानव शृंखला में शामिल स्कूली बच्चों व आम मतदाताओं की मौजूदगी से गदगद नजर आ रहे जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने इसकी सफलता का पूरा श्रेय इन बच्चों को दिया और 27 फरवरी को लोगों से मतदान केंद्र पर जाकर शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की।
स्वीप कार्यक्रम प्रभारी अरुण शुक्ला ने बताया कि यह ऐतिहासिक मानव श्रृंखला कर्नलगंज से परसपुर, बेलसर, तरबगंज, नवाबगंज, टिकरी, मनकापुर, धानेपुर, बाबागंज, श्रीनगर, इटियाथोक, खरगूपुर, गोकरन शिवाला, आर्यनगर, कौडिय़ा बाजार, रामापुर, कटरा बाजार, इटियाथोक होते हुए जय प्रभा ग्राम महराजगंज तिराहे तक बनाई गई।
इस मौके पर प्रशिक्षु आईएएस व एसडीएम सदर अर्चना वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार सिंह, डीआईओएस राम खेलावन वर्मा, सीएमओ डॉ. उमेश यादव, सहायक निदेशक सूचना व सदस्य सचिव एमसीएमसी हंसराज, बीईओ अविनाश दीक्षित सहित भारी संख्या में स्कूली बच्चे व मतदाता मौजूद रहे।