गोंडा। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के पीएम-श्री विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 34 विद्यालयों हेतु खेल सामग्री और उपकरणों की खरीद के लिए 17 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया है। प्रत्येक विद्यालय को 50 हजार रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देशानुसार खेलो इंडिया गाइडलाइन के तहत प्रत्येक विद्यालय में खेल सामग्री की खरीद के लिए विद्यालय स्तरीय समिति गठित होगी। इसके अध्यक्ष प्रधानाध्यापक होंगे, जबकि खेलकूद प्रभारी शिक्षक सदस्य सचिव की जिम्मेदारी निभाएंगे। समिति में तीन अन्य शिक्षक सदस्य होंगे, जिनमें एक महिला शिक्षक का होना अनिवार्य रहेगा।
विद्यालय अपनी आवश्यकता के अनुसार खेल सामग्री और उपकरणों का चयन करेंगे। खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और निर्धारित मानकों का पालन किया जाएगा। जिन विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा शिक्षक नहीं हैं, वहां खेलों में रुचि रखने वाले शिक्षक या अंशकालिक अनुदेशक को खेल प्रभारी बनाया जाएगा।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने कहा, इस पहल से खेल संसाधन बढ़ेंगे और विद्यार्थियों को ब्लॉक से राज्य स्तर तक की प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।