सिंचाई विभाग डाक बंगला परिसर में रक्तदान करते अभियंता। संवाद
गोंडा। जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के संकल्प के साथ मंगलवार को 33 अभियंताओं ने रक्तदान किया। अभियंता दिवस पर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की ओर से सिंचाई विभाग स्थित ऑफिसर्स फील्ड हॉस्टल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें सिंचाई, ग्रामीण अभियंत्रण, लोक निर्माण समेत विभिन्न विभागों के अभियंताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के जिलाध्यक्ष इंजीनियर अविनाश कुमार भारती ने की। उन्होंने कहा कि रक्तदान कर जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। इंजीनियर रामनिवास ने कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को जीवन देने जैसा है। इंजीनियर गुरु प्रकाश संत ने इसे संगठन की सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
शिविर के बाद अभियंताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। महासंघ के सचिव विनायक राज ने बताया कि इंजीनियर आरके दत्त की पुण्यतिथि और भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के उपलक्ष्य में अभियंता दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर सुदेश कुमार, पीयूष कुमार, उमेश, संदीप, मनोज, धनु भारतीय, आनंद समेत अन्य अभियंता मौजूद रहे।