गोंडा। जिले में क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्यों की संख्या में भारी बढ़ोत्तरी हुई है। 321 नए क्षेत्र पंचायत व 14 जिला पंचायत के नए क्षेत्र प्रस्तावित किए गए हैं। इससे बीडीसी की संख्या बढ़कर 1602 व डीडीसी की संख्या बढ़कर 65 हो गई है।
पहले 16 ब्लाकों में क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1281 और जिला पंचायत सदस्य के 51 पद थे। अभी पदों को तय करके लोगों से आपत्तियां मांगी गई हैं। इनके निस्तारण के बाद 14 जनवरी तक क्षेत्र का निर्धारण तय हो जाएगा। इसके साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियों में तेजी आ गई है। एक करोड़ 8 लाख बैलेट भी आने शुरू हो गए हैं।
पंचायतों के गठन की कार्रवाई पूरी होने के बाद त्रिस्तरीय पंचायतों के सदस्यों के लिए वार्डों का गठन भी शुरू होगा। जिले में ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़कर 1214 हो गई हैं। 1204 पंचायतों में प्रधान पद के लिए चुनाव होने हैं। इसके बाद अब जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए वार्डों के गठन की कार्रवाई हो रही है।
पंचायत सदस्यों के लिए 15 हजार से अधिक पदों के वार्ड तय किए हैं। अभी तो 16 ब्लाकों में 1281 क्षेत्र पंचायत वार्ड तय हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य ही ब्लाक प्रमुख का चुनाव करते हैं। अब यह बढ़कर 1602 हो गए हैं।
इसी तरह जिला पंचायत सदस्यों का गठन भी हो रहा है। 51 से बढ़कर जिला पंचायत सदस्य के 65 पद हो गए हैं। इन पदों के प्रस्तावित सूची जारी कर दी गई है। पंचायतों के वार्ड के गठन के बाद ही आरक्षण की कार्यवाही शुरू होगी। इसके बाद ही पंचायतों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होगी।
16 विकास खंडों के 1044 पंचायतों के प्रधानों और 13136 पंचायत सदस्यों के पदों के लिए हुए चुनाव में 22988 लोग मैदान में उतरे थे। इसी तरह 51 जिला पंचायत सदस्यों और 1240 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए 94510 प्रत्याशी थे। इसमें जिला पंचायत सदस्य के 830 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर 8580 लोगों ने ताल ठोंकी थी। इस तरह वर्ष 2015 के निर्वाचन में करीब 33 हजार प्रत्याशी मैदान में उतरे थे।
पंचायत निर्वाचन में एक करोड़ 6 लाख के करीब बैलेट की जरूरत है। इसकेे लिए प्रस्ताव भेजा गया था, जो स्वीकृत हो गया। अब बैलेट पेपर आने लगे हैं। सदस्य ग्राम पंचायत के लिए 27.11 लाख मतपत्र मिलेंगे। ये मतपत्र 4, 6, 9, 12 व 18 चिन्ह के होंगे।
प्रधान पद के लिए 27.05 लाख मतपत्र आवंटित हुए हैं। इनमें 4,6,9,12,18,27, 36 चिन्ह रहेंगे। बीडीसी के लिए भी 27.09 लाख मतपत्र का आवंटन हुआ है। ये मतपत्र भी चार से लेकर 36 चुनाव निशान वाला होगा। जबकि सदस्य जिला पंचायत पद के लिए 26.99 लाख मतपत्र का उपयोग होगा। इनमें 4, 6, 9, 12, 18, 27, 36, 45 व 45 से अधिक चुनाव निशान रहेंगे। बैलेट पेपर शनिवार से आने शुरू हो गए हैं।
ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव एक साथ होंगे। चुनाव में प्रधान पद के लिए हरे रंग का मतपत्र प्रयोग किया जाएगा। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए सफेद रंग का मतपत्र होगा। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नीले रंग का तो जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गुलाबी रंग का बैलेट पेपर प्रयोग किया जाएगा।