घर से बुलाकर ले गए युवक को मार डाला
गोंडा। रांगी गांव के मजरे विसैंधा से शनिवार देर रात घर से बुलाकर ले गए एक युवक की शिक्षक और उसके घरवालों ने हत्या कर दी। युवक के पिता का कहना है कि उसके बेटे से आरोपियों ने तीन साल पहले नौकरी दिलाने के नाम पर ढाई लाख लिए थे।
नौकरी न मिलने पर उसका बेटा पैसा वापस मांग रहा था। जिसके शनिवार को उन लोगों ने उसकी हत्या कर दी। युवक के पिता ने थाना तरबगंज में शिक्षक व उसके दो भाईयों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना तरबगंज थाना क्षेत्र के रांगी गांव के मजरे बिसैंधा के रहने वाले परशुराम ने बताया कि उसके गांव के रहने वाले रामविलास एक विद्यालय में शिक्षक है।
परशुराम का आरोप है कि उसके बेटे राजन सिंह को विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन साल पहले रामविलास ने उनसे ढाई लाख रुपये लिए थे।
जब उनसे नौकरी के बारे में बातचीत की जाती थी तो जल्ह ही नौकरी दिलाने का आश्वासन देते थे। परशुराम के मुताबिक जब उसके बेटे को नौकरी नहीं मिली तो वह अपने रुपए मांग रहा था।
इससे रामविलास व उसके परिवार के लोग नाराज थे। परशुराम ने बताया कि शनिवार की देर रात दस बजे रामविलास और उनके घर वाले उसके बेटे राजन को घर से अपने घर बुला ले गए।
जब वह सुबह तक घर वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी बीच गांव वालों से पता चलने पर जब वह जिला अस्पताल पहुंचा तो उसके बेटे का शव मर्च्युरी में पड़ा मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परशुराम ने थाना तरबगंज में रामविलास उसके बेटे अवनीश, अंगद, अमन व पौत्र प्रिन्स के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना तरबगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष एसके सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।