प्रधान के भाई की गोली मारकर हत्या
मनकापुर(गोंडा)। अगनीपुरवा गांव में तीन युवकों ने प्रधान के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार रात की है जब प्रधान का भाई अपने दोस्त के साथ घर के सामने सो रहा था।
बाइक से आए तीनों युवकों ने तमंचे से दो राउंड गोली चलाई जिसमें प्रधान के भाई का दोस्त भी घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर रात में ही चार थाने की पुलिस फोर्स लगा दी गई। घटना स्थल पर रात एक बजे पुलिस कप्तान भी पहुंच कर घटना के बारे में जानकारी हासिल की है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के भिटौरा गांव के मजरे अगनी पुरवा के रहने वाले ग्राम प्रधान नंदकिशोर बरवार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके छोटे भाई राजू की शादी समारोह की तैयारी चल रही थी, जिसमें उसके नवनिर्मित भवन में पूजा पाठ का कार्यक्रम चल रहा था।
प्रधान के मुताबिक घर के सामने महादेव यादव के चाय की दुकान के सामने उसका भाई राजू (22) व विनोद यादव (18) पुत्र पंचम लाल यादव लेटे हुए थे। तभी अचानक बाइक सवार तीन लोग आए और तमंचे से ताबड़ तोड़ दो गोली दाग दी।
जिसमे उसके भाई राजू के सीने में एक गोली लग गई और दूसरी गोली उसके साथ में लेटे हुए विनोद यादव के बाएं हाथ में जा घुसी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आनन फानन में जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन प्रधान के भाई राजू की हालत अति गंभीर देखते हुए वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
जिसकी रास्ते मे ही मौत हो गई। पुलिस ने राजू की हत्या में संलिप्त मनोज बरवार निवासी भिटौरा पठान पुरवा, राजनरायन दूबे निवासी भिटौरा मूसगंज व एक अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला, हत्या व एससीएसटी का मामला दर्ज किया है।
कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हत्या में संलिप्त एक आरोपी राजनरायन दूबे को हिरासत में ले लिया गया है तथा अन्य दो लोगों की तलाश की जा रही है। सीओ शंकर प्रसाद ने बताया कि रात में घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए मौके पर मनकापुर, छपिया, नवाबगंज, वजीरगंज थाने की पुलिस फोर्स लगा दी गई है।
घटना स्थल पर रात एक बजे पुलिस कप्तान लल्लन सिंह ने भी पहुंच कर घटना के बारे में जायजा लिया। मृतक राजू की 27 अप्रैल को तिलक व 11 मई को शादी होनी थी जिसके लिए पूरे परिवार में हर्षोउल्लास का माहौल था, लेकिन घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
प्रधान नंदकिशोर के मुताबिक उसका भाई राजू और आरोपी मनोज और राजनरायन दूबे करीबी दोस्त भी हैं। अभी तक हत्या के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है।