गोंडा। जिले में कोरोना का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। देवीपाटन मंडल में जिला कोरोना पॉजिटिव मरीजों में एक नंबर पर है। एक्टिव मामलों में दो सौ से अधिक मरीज हैं और हर दिन कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं।
मंगलवार को एंटीजन टेस्ट से 30 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। सोमवार की देरशाम को शहर के गायत्रीपुरम में कोरोना पॉजिटिव एक महिला की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंच कर शव का अंतिम संस्कार कराया।
मंगलवार को एंटीजन टेस्ट में 16 मरीज मनकापुर के, 5 तरबगंज, 2 छपिया, 3 मुजेहना, 4 नगर क्षेत्र व 1 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, कुछ लोगों को होम आइसोलेट करके इलाज करने की सुविधा दी जा रही है। वहीं करनैलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के फार्मासिस्ट समेत तीन कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
इसके अलावा करनैलगंज नगर से 5 लोग पॉजिटिव आए हैं। सोमवार को करनैलगंज तहसील में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत तहसील के तमाम कर्मचारियों को मिलाकर 68 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ था। जिसमें नगर के ठठराही मोहल्ला का एक युवक और ग्राम चकरौत का एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया था। उसके बाद मंगलवार को करनैलगंज अस्पताल में कोरोना टेस्ट के दौरान अस्पताल के फार्मासिस्ट, बीपीएम एवं एक अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी के साथ मोहल्ला बालूगंज के तीन, एक ठठराही बाजार का युवक पॉजिटिव पाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग और करनैलगंज नगर के पॉजिटिव पाए गए सभी लोग युवा हैं।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ केंद्र मुजेहना के कर्मियों समेत 10 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एक एएनएम, उसके पति और एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता सहित तीन अन्य संक्रमित हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक मिश्र ने बताया कि मंगलवार को केंद्र पर 119 लोगों की जांच की गयी, जिसमें धानेपुर कस्बे के एक व्यवसायी की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। देर रात मिली रिपोर्ट के अनुसार हमारी एक एनएमए व उसके पति की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैजपुर के वार्डबॉय की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी है। इसके अतिरिक्त एक नव्वागांव व एक युवक मुजेहना गांव का है जो चार दिन पूर्व दिल्ली से आया था। मुजेहना ब्लॉक में आज मंगलवार को 6 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। चार लोगों को लेवल वन हॉस्पिटल में एडमिट करने की कार्यवाही की जा रही है। मुजेहना ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजीव सिंह की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आने की चर्चाएं जोरों पर हैं लेकिन अधिकृत पुष्टि नहीं हो पा रही है।