कालाबाजारी को जा रहा 30 बोरी अनाज ग्रामीणों ने मंगलवार को पकड़ लिया। आरोपी को पकड़कर वाहन समेत ललिया थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने में ढिलाई बरतने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। जिला पूर्ति अधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को जांच के लिए मौके पर भेजा है।
ललिया थाना क्षेत्र के ग्राम कैली में ग्रामीणों ने पिकअप पर लदे कोटे का 30 बोरी अनाज कालाबाजारी करने के लिए ले जाते समय पकड़ लिया। ग्रामीणों ने ललिया थाने की पुलिस को सूचना देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण हरीराम, चेतराम पाल, इमरान खां, गोविंद, बच्चाराम, पराग, फेराऊ, धर्मराज, तनवीर, मरकहे, राम उजागर व बड़ेलाल आदि ने ललिया थाने की पुलिस पर आरोप लगाया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
ग्रामीणों का आक्रोश देखकर ललिया थाने की पुलिस ने पिकअप पर लदे 27 बोरी गेहूं व तीन बोरी चावल को पकड़कर पूर्ति विभाग के हवाले कर दिया। जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र ने पूर्ति निरीक्षक अनूप कुमार श्रीवास्तव को मामले की जांच पड़ताल के लिए मौके पर भेजा।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि 27 बोरा गेहूं व तीन बोरा चावल को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ललिया वीपी यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्ति निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।