गोंडा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बृहस्पतिवार को रायल पैराडाइज मैरिज हाल में 293 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज और धार्मिक परंपराओं के साथ संपन्न कराया गया। एक ही मंडप में शहनाई की गूंज, वैदिक मंत्रोच्चार और निकाह की रस्मों के बीच नवदंपतियों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडों और नगर निकायों से कुल 355 जोड़े पंजीकृत थे। इनमें से 293 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
280 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से कराया गया। 13 जोड़ों का निकाह इस्लामिक परंपरा के अनुसार कराया।
समारोह में विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक प्रभात वर्मा, डीएम प्रियंका निरंजन, सीडीओ दयानंद प्रसाद, सांसद गोंडा एवं केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि यूपी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंडप में पहुंचे। उन्होंने नवदंपतियों को स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, साड़ी सेट, वर के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी, सौंदर्य प्रसाधन किट समेत अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान की गई।
जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील पांडेय, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।